पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर की आधी रात के करीब बवाना थाने को एक युवक को गोली लगने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल को महर्षि वाल्मीकि अस्पताल (एमवी अस्पताल) ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर सचिन को मृत पाया गया। उसके सीने में गोली लगी थी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सचिन के परिवार की गोशाला में खून के धब्बे और तीन खाली कारतूस मिले।
पुलिस ने आसपास के इलाके की छानबीन की तो घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर एक गली में दूसरी लाश पड़ी मिली। उसकी पहचान सोनू उर्फ प्रदीप के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और पूछताछ करने पर वारदात की कड़ियां जुड़ती चली गईं।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि जांच में सामने आया कि किसी बात को लेकर हुए झगड़े के बाद सोनू उर्फ प्रदीप ने सचिन को गोली मार दी थी। इसके बाद सचिन के भाई नरेश ने सोनू को पकड़ लिया और उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नरेश को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस दोनों हत्याओं के पीछे की वजह और आपसी विवाद के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।