ईशान भगवान परशुराम इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नालोजी (बीपीआईटी) कॉलेज से बीबीए की पढ़ाई कर रहा था और पहले वर्ष का छात्र था। वहीं हर्ष दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) से बीटेक के प्रथम वर्ष का छात्र था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार देर रात 1.10 बजे पुलिस को सेक्टर-17 रोहिणी के एक पीजी की चौथी मंजिल से दो छात्रों के गिरने की जानकारी मिली। सूचना पर केएन काटजू मार्ग थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
गली में अचेत पड़े दोनों छात्रों को इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि दुर्घटनावश यह हादसा हुआ है और चौथी मंजिल से गिरने से दोनों छात्रों की मौत हुई है। पुलिस वहां रहने वाले छात्रों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
एक ही कमरे में रहते थे दोनों मृतक
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों छात्र चौथी मंजिल पर एक ही कमरे में रहते थे। रात में इनके अलावा पीजी में रहने वाले दो छात्र भी इनके कमरे में मौजूद थे। कमरे में सभी एक दूसरे के साथ खेल खेल में धक्का मुक्की कर रहे थे। छात्र के बिस्तर के पास ही खिड़की थी। धक्का मुक्की करते हुए दोनों बिस्तर पर आ गए और इसी दौरान दोनों खिड़की से टकरा गए। टक्कर लगने से खिड़की खुल गई। खिड़की में ग्रिल नहीं होने की वजह से दोनों चौथी मंजिल से नीचे आ गिरे। पुलिस ने छात्रों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।