दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 50 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान शिवदासपुर (वाराणसी) निवासी संजीत कुमार सिंह और मोहम्मदपुर, गाजीपुर (यूपी) निवासी प्रदीप कुमार यादव के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के पास से 14 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
हेरोइन नेपाल, बांग्लादेश और म्यांमार के रास्ते उत्तर-पूर्वी राज्यों में पहुंचती थी। वहां से तस्कर उसे पश्चिम बंगाल ले जाते थे। इसके बाद हेरोइन को देश के दूसरे हिस्सों में तस्करी कर ले जाया जाता था। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि वाराणसी का संजीत कुमार बड़े पैमाने पर हेरोइन की तस्करी कर रहा है। मणिपुर में नेटवर्क चला रही महिला जिसे दीदी कहा जाता है, उससे हेरोइन लेकर वह देश के बाकी हिस्सों में पहुंचाता है।
पुलिस संजीत की तलाश में जुट गई। मंगलवार सुबह सूचना मिली कि संजीत और उसका साथी प्रदीप सिलीगुड़ी से हेरोइन की खेप लेकर रोहिणी के सेक्टर-24 के पास आने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके बैग से 14 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान संजीत ने बताया कि मनीष नामक उसके दोस्त ने नेपाल निवासी दीदी से उसकी मुलाकात करवाई थी। दीदी के संपर्क में आने के बाद वह हेरोइन की तस्करी करने लगा। प्रदीप संजीत के संपर्क में कुछ दिन पूर्व आया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।