दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 20 किलो हेरोइन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 80 करोड़ रुपये बताई जा रही है। तस्कर हेरोइन की खेप पश्चिम बंगाल से लाए थे और दिल्ली में सप्लाई करनी थी।
स्पेशल सेल के डीसीपी संजीव कुमार यादव के अनुसार, इंस्पेक्टर पूरन पंत को 1 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि फतेहगंज, पूर्वी बरेली (यूपी) निवासी रिफाकत के कहने पर मो. शाहिद व इरफान हेरोइन की खेप कैंटर से गोल्फ कोर्स, भलस्वा (दिल्ली) लेकर आएंगे। ये दिल्ली में खेप रिफाकत के किसी जानकार को देंगे।
एसीपी मनोज दीक्षित की टीम ने गोल्फ कोर्स के पास घेराबंदी कर मो. शाहिद व इरफान हुसैन को पकड़ लिया। इनके कब्जे से 20 किलो हेरोइन बरामद की गई। आरोपियों ने बताया कि बरेली के रिफाकत के कहने पर पश्चिम बंगाल में खेप नाजेल हक ने दी थी। दिल्ली में हेरोइन रिफाकत के ग्राहक राहमत को देनी थी। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल व सिम कार्ड बरामद किया गया है।
रिफाकत के कहने पर करने लगे सप्लाई
गांव खातन नागालिया, तहसील मिलक, जिला रामपुर (यूपी) निवासी मो. शाहिद पेशे से ड्राइवर है। वह दो वर्ष पहले भतीजे की शादी में रिफाकत से मिला था। छह महीने से रिफाकत के कहने पर ड्रग्स की सप्लाई करने लगा। इससे पहले वह नाजेल हक से ड्रग्स की कई खेप ले चुका है। वहीं वार्ड नंबर-12, फतेहगंज पश्चिमी, (बरेली) निवासी इरफान हुसैन की शादी रिफाकत के गांव में हुई थी। रिफाकत उसके साले का दोस्त है। इस कारण वह रिफाकत के संपर्क में आया और मादक पदार्थों की तस्करी करने लगा। दोनों ने बताया कि वह नाजेल हक से हेरोइन की दो खेप ले चुके हैं और दिल्ली में सप्लाई कर चुके हैं।