दिल्ली स्टेशन के पास गरीब रथ का इंजन पटरी से उतर जाने के कारण पलवल-फरीदाबाद से पुरानी दिल्ली जाने वाली दो शटल गाड़ियां बुधवार को पुरानी दिल्ली नहीं जा सकी जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बुधवार को अमृतसर-नईदिल्ली से सहरसा जाने वाली गरीब रथ का इंजन दिल्ली स्टेशन के पास पटरी से उतर गया जिससे फरीदाबाद की गाड़ियां प्रभावित ह़ुई। पलवल- असावटी, बल्लभगढ़ और ओल्ड फरीदाबाद होते हुए पुरानी दिल्ली से गाजियाबाद को जाने वाली दो शटल गाड़ियां नंबर 64901 व 64057 पुरानी दिल्ली नहीं जा सकी।
इन दोनों गाड़ियों को नई दिल्ली स्टेशन से ही गाजियाबाद के लिए भेज दिया गया। इससे पुरानी दिल्ली जाने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। ज्ञात हो कि यहां से बड़ी संख्या में यात्री पुरानी दिल्ली मार्केट करने आते-जाते हैं। ऐसे में उन्हें बुधवार को असुविधा हुई।