सफदरजंग अस्पताल में डॉक्टर के साथ मारपीट के मामले में अस्पताल के ड्यटी अफसर सिपाही विनोद और डॉक्टर के साथ मारपीट करने वाले युवक अक्षय के पिता हवलदार वीरेंद्र को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि हवलदार वीरेंद्र मौके पर नहीं था। सिपाही विनोद पर अपनी ड्यूटी ठीक से नहीं करने का आरोप लगाया गया है। वह घटनास्थल पर था। दूसरी तरफ, पीड़ित डॉ. रविंद्र ठाकुर की शिकायत सफदरजंग एन्क्लेव थाने में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, इस मामले में रविवार देर रात तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। पुलिस घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही थी।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घिटोरनी निवासी अक्षय (24) अपने दोस्त के साथ सफदरजंग अस्पताल की इमरजेंसी में इलाज कराने पहुंचा था। अक्षय को पेट में दर्द हो रहा था। आरोप है कि उसने ड्यूटी पर तैनात डॉ. रविंद्रनाथ ठाकुर के साथ गाली-गलौच व मारपीट की। इससे डॉक्टर की नाक से खून निकल आया। डॉक्टर की नाक की हड्डी टूटने की बात भी कही जा रही है। डॉक्टर की शिकायत पर अक्षय और उसके दोस्त के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट आदि की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जांच के बाद ही इस मामले में गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद अन्य डॉक्टरों, कर्मचारियों व मरीजों के बयान ले रही थी। दक्षिण जिले के पुलिस अधिकारी मरीजों की परेशानियों को देखते हुए डॉक्टरों से हड़ताल को खत्म करने का आग्रह करते नजर आए।