पहिया जावेद के सिर व मायरा की छाती से गुजर गया
जाम के कारण मनोज ने वहां से बाइक से निकल रहे जावेद खान को बेटी को करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल तक लिफ्ट देने को कहा। परीक्षा के लिए देरी होने के कारण युवक ने छात्रा को बाइक पर बिठाकर चलने लगा। वह मुश्किल से 50 मीटर दूर ही चला होगा कि पीछे से चल रहे एमसीडी के ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। ट्रक को पहिया जावेद के सिर व मायरा की छाती से गुजर गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जावेद अलकनंदा स्थित आईसीआईसीआई बैंक में काम करता था।
ट्रक चालक गिरफ्तार
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त रवि कुमार सिंह ने बताया कि गोविंदपुरी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने ट्रक चालक ओखला निवासी जुगल राज को गिरफ्तार कर लिया।
हादसे के बाद लगा दो घंटे से ज्यादा जाम
हादसे के बाद ओखला एस्टेट रोड, रविदास मार्ग, क्राउन प्लाजा, कालकाजी एक्सटेंशन, तुगलकाबाद व तारा अपार्टमेंट के पास जबरदस्त जाम लग गया। जाम करीब दो घंटे से ज्यादा समय तक रहा। खास बात ये है कि इन मार्गों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी दिखाई नहीं दिए।
पौने घंटे तक सड़क पर पड़े रहे शव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद गोविंदपुरी थाना पुलिस तो मौके पर पहुंच गई थी, मगर ट्रैफिक पुलिसकर्मी नहीं पहुंचे। जाम के कारण एंबुलेंस घटनास्थल पर पौने घंटे बाद पहुंच पाई। इस कारण शव सड़क पर ही काफी देर तक पड़े रहे। बेटी मायरा का शव देखकर पिता मनोज का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास खड़े लोग भी अपने आंसू नहीं रोक पाए।
ई-रिक्शा, ग्रामीण सेवा व अवैध पार्किंग से लगता है जाम
कालकाजी, तुगलकाबाद, गोविंदपुरी व अलकनंदा को महरौली-बदरपुर रोड (एमबी रोड) से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग रविदास मार्ग, ओखला से जोड़ने वाला ओखला एस्टेट मार्ग व इनसे अलकनंदा व फरीदाबाद-संगम विहार-तुगलकाबाद से अलकनंदा में स्थित कई स्कूलों के लिए जाने वाला अलकनंदा मार्ग आदि रास्तों पर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम की यह स्थिति ई-रिक्शा, ग्रामीण सेवा व अवैध पार्किंग के कारण रहती है।
रविदास मार्ग पर ऐसे लगता है जाम
रविदास मार्ग पर दोनों तरफ खासकर तुगलकाबाद की ओर सड़क पर पहले अवैध पार्किंग बनी हुई है। इसके बाद इनके पीछे फल आदि की रेहड़ियां लगती हैं। इनसे सामान खरीदने के कारण वाहन खड़े रहते हैं। इस कारण चलने के लिए एक या डेढ़ लेन बचती है। इस पर अवैध रूप से ई-रिक्शा व ग्रामीण सेवा उल्टे-सीधे चलकर कब्जा करके रखते हैं। ये लोग इनको बीच रोड पर कहीं भी रोक देते हैं। ऐसे में भयंकर जाम लगता रहता है। अगर कोई ई-रिक्शा वालों का विरोध करे तो ये मारपीट करते हैं।
ओखला एस्टेट मार्ग
तारा अपार्टमेंट से ओखला की तरफ जाने वाले ओखला एस्टेट मार्ग की दो लेन में वाहन खड़े रहते हैं। इसके बाद सड़क संकरा हो जाती है। फिर ई-रिक्शा व हल्के व्यावसायिक वाहन बीच-बीच में खड़े होकर जाम लगाते हैं।
कालकाजी डीडीए फ्लैट्स से गोविंदपुरी तक रविदास मार्ग
कालकाजी डीडीए फ्लैट्स से गोविंदपुरी तक रविदास मार्ग का बुरा हाल है। गोविंदपुरी व तुगलकाबाद की तरफ पहले झुग्गी बस्ती के लोगों ने एक लेन पर दुकानों का सामान रखकर कब्जा कर रखा है। इसके बाद सब्जी की रेहड़ियां लगती हैं। फिर वाहन खड़े होते हैं। ऐसे में यहां चलने के लिए एक ही लेन बचती है। गोविंदुपरी का भी यही हाल है। इन मार्ग पर ई-रिक्शा के चलते क्रॉसिंग पर घंटों जाम रहता है।
ट्रैफिक कर्मी रहते हैं नदारद, स्कूलों के कारण रहता है जाम
रविदास मार्ग पर ओखला एस्टेट मार्ग टी पाइंट पर तुगलकाबाद की तरफ ट्रैफिक कर्मियों को बूथ बना हुआ है, मगर यहां पर कभी कभार ही ट्रैफिककर्मी दिखाई देते हैं। बूथ के पास अवैध वाहन पार्क होते हैं। साथ ही कालकाजी एक्सटेंशन, तुगलाकाद, अलकनंदा, कालकाजी में करीब 15 स्कूल हैं। ऐसे में सुबह व दोपहर को यहां सभी मार्गों पर जबरदस्त जाम रहता है।