दक्षिण जिले के हौजखास थाना क्षेत्र के सिरी फोर्ट रोड पर बुधवार तड़के एक तेज रफ्तार कार ने टैक्सी को जबरदस्त तरीके से टक्कर मार दी। इससे एक सवारी रंजीत (30) और टैक्सी चालक गिरिजा (31) की मौत हो गई। दूसरी सवारी सुमित (20) की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। टैक्सी को टक्कर मारने वाले सिट्रोऐन कार के चालक उदय पार्क, दक्षिण दिल्ली निवासी छात्र कृष्णांश कपूर (21) को गिरफ्तार कर लिया था और कार को जब्त कर लिया गया है।
दक्षिण-जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार बुधवार सुबह करीब 4.20 बजे अगस्त क्रांति मार्ग पर हुई इस घटना की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली। पंचशील फ्लाईओवर की ओर से एंड्रयूज गंज की दिशा में जा रही एक सिट्रोऐन ने बलबीर सक्सेना मार्ग की ओर दाहिने मुड़ रही टैक्सी को जबरदस्त तरीके से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैक्सी में सवार चालक समेत तीनों लोगों को गंभीर चोटें आईं। पुलिस से टैक्सी कार को काट कर सवारी सुमित व रंजीत और चालक गिरिजा को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां पर डॉक्टरों ने सुमित व गिरिजा को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे की हालत गंभीर है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुमित व रंजीत ढोल बजाते हैं और नेहरू नगर, लाजपत नगर में रहते हैं। ये रात को किसी कार्यक्रम में ढोल बजाकर वापस घर लौट रहे थे। वह गिरिजा की हुंडई एक्सेंट टैक्सी बुक की थी। आरोपी सिट्रोऐन कार चालक दोस्त के घर से अपने घर लौट रहा था।
आरोपी छात्र एमबीए कर रहा है
आरोपी कृष्णांश कपूर इग्रू से एमबीए कर रहा है। वह बुधवार सुबह दोस्त के घर से अपने घर जा रहा था। वह घर पहुंचने वाला था कि उसने टैक्सी को टक्कर मार दी। दुर्घटना वाली जगह से उसका घर कुछ ही मीटर की दूरी है।
पुलिस ने ब्लड सैंपल के नमूने लिए
आरोपी छात्र पुलिस को दलील दे रहा है कि उसका मोबाइल कार के अंदर गिर गया था। मोबाइल उठाने के प्रयास में वह कार पर नियंत्रण खो बैठा। इससे उसकी कार ने टैक्सी को टक्कर मार दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार एल्कोमीटर से ये पता नहीं लग रहा है कि आरोपी छात्र ने शराब पी रखी थी। उसने शराब पीने की पुष्टि के लिए खून के नमूने जांच के लिए लिए हैं।
ऐसे हुआ एक्सीडेंट
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा उस समय हुआ जब टैक्सी दाहिने मोड़ पर थी। दुर्घटना के सही क्रम का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शुरूआती जांच में सिट्रोऐन कार चालक छात्र की गलती सामने आ रही है। टक्कर से तीनों पीडि़त कार में बुरी तरह फंस गए थे।
सुमित व रंजीत रिश्तेदार थे
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घायल सुमित व मृतक रंजीत दोनों रिश्तेदार थे। ये ढोल बजाते का काम करते थे और एक साथ ही ढोल बजाने जाते थे। दक्षिण जिले की हौजखास थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।