रंगदारी मांगने वाले दोनों भाई गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
लॉकडाउन के बाद आर्थिंक तंगी से जूझ रहे दो भाइयों ने टीवी पर ‘क्राइम पेट्रोल’ सीरियल देखने के बाद एक कारोबारी से दो करोड़ रुपये रंगदारी मांग ली। इसके लिए उन्होंने फर्जी आईडी पर सिम भी लिया था।
शिकायत के बाद बिंदापुर थाना पुलिस ने जांच की और निलौठी एक्सटेंशन निवासी रविंद्र (37) और चंदर विहार निवासी देवेंद्र सिंह (41) को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। इनके पास से रंगदारी मांगने के लिए इस्तेमाल मोबाइल, दो अन्य फोन और एक कार बरामद हुई है।
द्वारका जिले के डीसीपी अंटो अल्फोंस ने बताया कि बिंदापुर निवासी 40 वर्षीय कारोबारी ने 14 जुुलाई को पुलिस को बताया कि वे इलेक्ट्रिकल सामान की आपूर्ति करते हैं। उनकी फैक्टरी बहादुरगढ़ में है। कुछ दिन से उनके फोन पर भक्तावर के नाम पर धमकी देते हुए दो करोड़ रुपये रंगदारी मांगी जा रही थी।
पुलिस ने मोबाइल नंबर की जांच की तो उस व्यक्ति तक पहुंच गई, जिसके नाम पर सिम लिया गया था। उसने कहा कि करीब एक साल पहले उसका पर्स खोया था, जिसमें आईडी थी। तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों को पहचानकर पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि रविंद्र इलेक्ट्रिकल पार्ट्स सप्लाई करता था। इसीलिए वह कारोबारी को जानता था।
लॉकडाउन की वजह से उसका कारोबार चौपट हो गया। देवेंद्र की भी यही हालत थी। दोनों भाइयों ने ‘क्राइम पेट्रोल’ देखकर रंगदारी मांगी। कॉल भी वे चलती कार से करते थे, ताकि लोकेशन बदलती रहे।