ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर स्थित दो घरों के फ्रिज से 30 किलो मांस व अवैध हथियार के साथ पकड़े गए जाहिद और याकूब को पुलिस ने जेल भेज दिया है। इनसे पूछताछ में तीन आरोपियों के नाम और सामने आए हैं।
इनमें तैमूर और तस्लीम याकूब के बेटे हैं और तीसरा आरोपी वारिस अली है। पुलिस तीनों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि वह लावारिस मवेशियों को काटकर बिरयानी विक्रेता व अन्य खरीदारों को मांस की होम डिलीवरी करते थे।
एसपी देहात विनीत जायसवाल ने बताया कि आरोपी जाहिद और याकूब आर्म्स एक्ट, गोवंश संरक्षण एवं गोसंवर्धन और पशु क्रूरता अधिनियम में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सड़क व जंगल में घूमने वाले लावारिस मवेशी को पकड़कर काटते थे और सौ रुपये किलो में बिरयानी वालों को बेच देते थे।
शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर इनके घर से मांस, दो अवैध बंदूक और पशु काटने में इस्तेमाल होने वाले तेजधार हथियार आदि बरामद किए हैं। आरोपियों ने अवैध बंदूक के संबंध में जानकारी दी कि उसे जिसने बंदूक दी थी, उसकी मृत्यु हो चुकी है।