तिमारपुर में मंगलवार सुबह नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय छात्र पार्क में कसरत करने गया था। वारदात को अंजाम देकर भाग रहा एक आरोपी भी घायल हो गया। इसे पकड़कर लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी का इलाज चल रहा है। चार आरोपियों ने हमला किया था।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह 8.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि तिमारपुर की जवाहर मार्केट के पास स्थित पार्क में 16 साल के एक लड़के को चाकू मार दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक सूचना पाकर छात्र के पिता वहां आ गए और घायल बेटे को लेकर अस्पताल चले गए थे। पुलिस के अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छात्र पर चाकू के 12 वार किए गए। मृत छात्र गोलू परिवार के साथ तिमारपुर की संजय बस्ती में रहता था। परिवार में माता-पिता, बड़ा भाई, बहन और एक छोटा भाई है। वह इलाके के एक स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ता था। शुरुआती जांच में पता चला कि गोलू का एक दोस्त किशोरी से बात करता था। इस बात को लेकर दो माह पहले आरोपियों से उसका झगड़ा हुआ था। गोलू ने उनकी पिटाई कर दी थी। उसके बाद से आरोपी मौके की तलाश में थे। मंगलवार सुबह अकेला देखकर चार आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस अधिकारी का कहना है कि हमलावर भी नाबालिग हैं।