साउथ ईस्ट दिल्ली की अमर कॉलोनी में सुबह 5 बजे मुठभेड़ हुई। अक्षय और जतिन नाम के दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। मुठभेड़ में घायल बदमाशों ने कुछ दिन पहले साउथ दिल्ली इलाके में चाकू की नोक पर एक अमेरिकी नागरिक से लूटपाट की थी। इन बदमाशों पर लूटपाट के कई मामले दर्ज हैं।
लग्जरी कारों की चोरी करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
उधर, रोहिणी जिले की वाहन चोरी निरोधक शाखा ने लग्जरी कार चुराने वाले तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान गांव टिकरी खुर्द नरेला निवासी सुनील उर्फ राम, गांव ज्योंती निवासी वीरेंद्र और नैनीताल उत्तराखंड निवासी गणेश सिंह बिष्ट उर्फ वीर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर छह लग्जरी कारें बरामद की हैं। साथ ही इनके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल औजार और वारदात में इस्तेमाल आई-10 कार भी बरामद की है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संदीप गुप्ता ने बताया कि टीम को लग्जरी कारें चुराने वाले गैंग के बारे में जानकारी मिली। सूचना मिली की बृहस्पतिवार को बदमाश विजय विहार में आने वाले हैं। निरीक्षक अमित दहिया के नेतृत्व में टीम ने विजय विहार, रोहिणी में घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक चोरी की हुंडई क्रेटा कार में बताए गए तीन बदमाश पहुंच गए, जिन्हें पुलिस ने दबोच लिया। इनके कब्जे से बरामद कार प्रशांत विहार से चुराई गई थी। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को सिग्नल जैमर, चार ड्राइवर साइड विंडो मिरर और सात चाबियां मिलीं। पूछताछ में इन्होंने बताया कि वह लग्जरी कारों को चुराते हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से चोरी की गई दो क्रेटा, एक सियाज, एक थार और एक किआ सेल्टोस बरामद कर ली। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की और गाड़ियां बरामद करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से छह मामले सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने बताया कि सुनील पर पहले से दो और गणेश पर चोरी के आठ मामले दर्ज हैं।