नई दिल्ली। पश्चिम विहार पूर्व थाना पुलिस ने ऑटो रिक्शा पर सवार होकर सुनसान इलाकों में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाश गुलेल की मदद से गाड़ियों के शीशे तोड़ने के बाद उसमें से कीमती सामान चुरा लेते थे। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान बुध विहार निवासी राज और इंद्रपुरी निवासी विमल के रूप में हुई है। इनके कब्जे से पुलिस ने एपल एयरपॉड, स्मार्ट कलाई घड़ी, गुलेल और ऑटो रिक्शा बरामद किया है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि 10 जुलाई को पश्चिम विहार पूर्व थाना पुलिस को एक कार का शीशा तोड़कर बैग चोरी करने की शिकायत मिली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे की जांच की। फुटेज से पुलिस ने जेजे कॉलोनी इंद्रपुरी निवासी विमल की पहचान की और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी के एयरपॉड्स बरामद कर लिए। पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह अपने तीन अन्य साथियों के साथ सुनसान इलाके में खड़ी गाड़ियों के शीशे को गुलेल से तोड़ने के बाद उसमें से कीमती सामान चुरा लेते थे। पुलिस ने उसके निशानदेही पर राज को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से पुलिस ने एक कलाई घड़ी और एक गुलेल बरामद कर ली। पुलिस ने इनके निशानदेही पर ऑटो-रिक्शा भी जब्त कर लिया है। ब्यूर
ो