-जहांगीरपुरी इलाके की घटना, नौकरी की तलाश में फुफेरा भाई के साथ घर से निकला था किशोर
-किशोर के सीने में फंस गया था चाकू, लोक नायक अस्पताल में चल रहा है इलाज
-पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
जहांगीरपुरी इलाके में मंगलवार सुबह नकाबपोश बदमाशों ने 12 साल के किशोर पर चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित की पहचान मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है। चाकू उसके सीने में फंस गया था। गंभीर रूप से घायल किशोर को परिवार वाले बाबू जगजीवन राम अस्पताल लेकर गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे लोक नायक अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस हत्या का प्रयास का केस कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक मोहम्मद कैफ अपने पिता इमरान, मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ए ब्लॉक जहांगीरपुरी इलाके में रहता है। पिता पेशे से ऑटो चालक हैं। इमरान ने बताया कि घर में आर्थिक तंगी होने की वजह से कुछ माह पहले कैफ ने पढ़ाई छोड़ दी थी और नौकरी की तलाश कर रहा था। उसने बताया कि रात में ऑटो चलाने के बाद वह घर आकर सो रहा था। कैफ ने परिवार वालों को बताया कि उसने नौकरी की बात कर ली है और वह वहां जा रहा है।
इमरान के मुताबिक उसके बेटे के साथ फुफेरा भाई भी था। कुछ देर बाद ही उसकी भाभी ने बताया कि कैफ को ए ब्लॉक मार्केट में किसी ने उसके सीने में चाकू मार दिया है। इस जानकारी पर तुरंत वह भागकर घटनास्थल पर पहुंचा और बेटे को जगजीवन राम अस्पताल लेकर गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लोक नायक अस्पताल रेफर कर दिया। पिता ने बताया कि उसके बेटे की हालत नाजुक बनी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की।