दिल्ली में आंधी-तूफान से दीवारें गिरीं। ककरौला में बच्ची और मंडावली में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, 10 लोग घायल हो गए। पेड़, तार और खंभे गिरने से कई जगह नुकसान हुआ। पुलिस ने सभी सुरक्षित रहने की अपील की है।
ककरौला गांव में निर्माणाधीन मकान की दीवार दूसरे मकान की छत पर गिरने से 10 साल की अनवी की मौत हो गई, जबकि उसकी चाची सावित्री जख्मी हो गईं। मंडावली इलाके में निर्माणाधीन मकान की दीवार सड़क पर गिरने से तीन लोग चपेट में आ गए। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि दो लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में कुल 10 लोग किसी न किसी वजह से जख्मी हो गए।
विज्ञापन
दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि हनुमान मंदिर रोड पर एक पेड़ इनोवा गाड़ी पर गिर गया। न्यू रोहतक रोड, ज्योति नगर, सराय रोहिल्ला, प्रशांत विहार, सफदरजंग, विकासपुरी, नारायणा लोहा मंडी, हरिनगर, लोधी कॉलोनी, ताल कटोरा और रोहिणी सेक्टर-16 समेत दूसरी जगहों पर भी पेड़ गिर गए।
कई जगह लोगों को मामूली चोटें आई। इसके अलावा 13 जगहों पर दीवार गिरने की सूचना मिली। कई तारों में आग लग गई तो कहीं खंभा, रेलिंग समेत दूसरे भारी सामान तेज आंधी में जमींदोज हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।