हाईकमान के निर्देश पर मंगलवार को सेक्टर डेल्टा वन स्थित पार्टी कार्यालय पर कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई थी, ताकि प्रत्याशी को लेकर हो रहे विरोध को खत्म किया जा सके, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। बैठक में प्रत्याशी का विरोध हुआ और दो गुट बन गए। प्रत्याशी विरोधी कार्यकर्ता बैठक छोड़कर भी चले गए। हालांकि, जिलाध्यक्ष का दावा है कि विरोध खत्म हो गया है।
डॉ. अरविंद सिंह के खिलाफ विरोध को खत्म करने के लिए ही पर्यवेक्षक के निर्देश पर पार्टी के जिला कार्यालय पर बैठक बुलाई गई थी। दोपहर 12 बजे बैठक शुरू हुई। अरविंद भी बैठक में पहुंचे। एक गुट ने उनका सहयोग किया तो एक ने पैराशूट प्रत्याशी कहकर विरोध किया। जब बात नहीं बनी तो काफी कार्यकर्ता बैठक छोड़कर चले गए।
इनमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पितांबर शर्मा भी शामिल हैं। उनका कहना है कि पैराशूट प्रत्याशी को स्वीकार नहीं किया जाएगा। विरोध जारी रहेगा। अगर पार्टी प्रत्याशी नहीं बदलती है तो चुनाव में सहयोग नहीं किया जाएगा। मतदान केवल पार्टी को करेंगे। प्रत्याशी के नाम पर मतदान नहीं किया जाएगा।
वहीं, दूसरी गुट ने सहयोग करने की बात कही। बैठक के बाद विरोधी गुट दिल्ली हाईकमान के पास जा रहा था, ताकि प्रत्याशी को बदला जा सके, लेकिन पार्टी हाईकमान ने प्रत्याशी को सहयोग करने के निर्देश दिए हैं जिसके बाद सभी रास्ते से वापस लौट आए।
बैठक में एक कार्यकर्ता ने पैराशूट प्रत्याशी को लेकर सवाल उठाया था। विरोध होने पर वो बैठक छोड़कर चले गए। बैठक में सभी गिले-शिकवों को दूर किया गया। हाईकमान ने प्रत्याशी का पूरे जोर-शोर से साथ देने को कहा है। सभी कार्यकर्ता पूरी मेहनत से चुनाव प्रचार में लेंगे।
- डा. महेंद्र नागर, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस
नोएडा में बैठक अच्छी रही। ग्रेनो में कार्यकर्ताओं की बैठक में एक-दो कार्यकर्ता नाराज दिखे जिसकी पहले से ही जानकारी थी। सभी को साथ लेकर मजबूती के साथ चुनाव लड़ा जाएगा।
- डा. अरविंद चौहान, प्रत्याशी गौतमबुद्ध नगर