सूरजकुंड स्थित पशु चिकित्सालय के सामने रविवार दोपहर बाइक और स्कूटी में मामूली टक्कर के बाद दो समुदायों में टकराव हो गया। एक समुदाय के युवकों ने हापुड़ रोड पर चल रहे सगाई कार्यक्रम में घुसकर मारपीट और फायरिंग कर दी। जवाब में दूसरे समुदाय के लोगों ने घेराबंदी कर उनकी पिटाई कर दी।
बीच बचाव में तीन पुलिसकर्मी भी पिट गए। मारपीट, पथराव और भगदड़ में आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक समुदाय के लोगों पर लाठीचार्ज करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तनाव देखते हुए हापुड़ रोड पर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई।
यह भी पढ़ें: चेकिंग के लिए रोका तो कर दिया हमला
कोतवाली क्षेत्र के शाहघासा मोहल्ला निवासी कामिल उर्फ नाहिद, शाहनवाज और एक अन्य युवक बाइक से हापुड़ अड्डा जा रहे थे। पशु चिकित्सालय के सामने बाइक की साइड स्कूटी से लग गई। इसके बाद मामूली कहासुनी के दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। देखते-देखते सड़क पर जाम लग गया।
पास में ही बाबूलाल निवासी बंसीपुरा सिविल लाइन के बेटे हरीश की सगाई का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में शामिल लोग बीचबचाव कर मामला सुलझाने लगे। आरोप है कि कामिल ने फोन करके आठ-दस युवकों को बुला लिया और कार्यक्रम में घुसकर हमला बोल दिया। हमलावरों ने फायरिंग भी की। इससे भगदड़ मच गई।
इसके बाद भीड़ ने हमलावरों की घेराबंदी कर मारपीट की। दोनों पक्षों में पथराव में हरीश का भाई बिट्टू उर्फ ब्रजमोहन, ओमप्रकाश और दूसरे पक्ष से कामिल और शाहनवाज घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसपी सिटी, एडीएम सिटी आदि अफसर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस दोनों समुदाय के चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
भीड़ ने कोतवाली में हंगामा कर आरोपियों को छुड़ाने की कोशिश की। देर शाम चारों युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।