राजधानी में इन दिनों एटीएम चोरों का आतंक है और उसके निशाने पर दक्षिण-पूर्व जिला है। इस इलाके से बुधवार रात चोर दो एटीएम को उखाड़ कर ले गए, जबकि दो एटीएम स्थानीय लोगों की सतर्कता से बच गए। चोरों ने एटीएम के सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया था। चोर ऐसे एटीएम को निशाना बना रहे हैं जिन पर सुरक्षा गार्ड नहीं होते हैं। दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी आरपी मीणा का कहना है कि टीम एटीएम चोरों की तलाश में लगी हैं।
उन्होंने बताया कि चोरों ने बुधवार की रात जामिया नगर, जैतपुर और पुल प्रह्लादपुर में वारदातें की थीं। उन्होंने बताया कि चोर एफ-ब्लाक, हर्ष विहार, टंकी रोड जैतपुर में लगे आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम ले गए। बताया जा रहा है कि एटीएम के अंदर 7,91, 600 रुपये थे। यहां भी एटीएम को नुकसान पहुंचाया गया। इसी तरह चोर एमसीडी टोल टैक्स, एमबी रोड पुल प्रह्लादपुर पर लगे एसबीआई के एटीएम को भी ले गए।
बदमाशों ने बूथ का शटर तोड़कर एटीएम को बाहर निकाला था। हालांकि बृहस्पतिवार देर शाम तक ये पता नहीं चला था कि एटीएम में कितनी रकम थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चोरों ने ऐसे एटीएम को निशाना बनाया है जहां गार्ड तैनात नहीं थे। जैतपुर को छोड़ अन्य एटीएम व गार्डों के बारे मेें संबंधित बैंकों ने कोई जानकारी नहीं दी है।
डीसीसी मीणा ने बताया कि स्थानीय लोगों की सतर्कता से जामिया नगर इलाके में दो एटीएम लुटने से बच गए। पुलिस को रात करीब 2.40 बजे सूचना मिली थी कि सी-224 ओखला विहार, जामिया नगर में लगे एटीएम को चोर ले जा रहे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को एसबीआई व एचडीएफसी के दो एटीएम टूटे हुए और बूथ से बाहर निकले मिले। जांच में पता लगा कि मौके से गुजर रहे युवक रिजवान ने सी-224 ओखला विहार में देखा कि चार युवक एटीएम को महिंद्रा पीक-अप में लोड कर रहे हैं।
रिजवान ने आरोपियों पर पत्थर फेंकते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। लोगों को एकत्रित होते देख आरोपी ओखला टेंक की तरफ से जंगल के रास्ते महिंद्रा जीप से फरार हो गए।
एसबीआई बैंक के एटीएम की बगल में एचडीएफसी का भी एटीएम था। आरोपियों ने एचडीएफसी के एटीएम में भी तोड़फोड़ की। इससे पहले भी चोर मंडावली, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, रोहिणी (नार्थ), बदरपुर और समयपुर बादली में एटीएम को लूट चुके हैं। एटीएम लूट की वारदातों के मद्देनजर पुलिस नाकाम होती दिख रही है।