पलवल। जिले में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने हसनपुर और होडल में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अंग्रेजी और देसी शराब की कुल 220 पव्वे और 64 अध्धे बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर, पुलिस जांच में जुट गई है।
एएसआई लाल सिंह के नेतृत्व में हसनपुर थाना पुलिस की टीम माहौली रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर रामगढ़ की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर जंगल में बने कोटड़े के पास पुलिस ने दबिश दी। यहां हसनपुर निवासी जसवंत दो प्लास्टिक कट्टों में देसी-अंग्रेजी शराब लेकर खड़ा मिला।
वहीं, होडल पुलिस ने बाल्मीकि मोहल्ले में रामलीला मैदान के पास रहने वाले रवि कुमार को घर के बाहर गली से गिरफ्तार किया। उसके पास रखे प्लास्टिक कट्टे से अंग्रेजी तथा देसी शराब बरामद हुई। दोनों आरोपियों से शराब रखने का लाइसेंस और परमिट मांगा गया, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस ने शराब के नमूने लेकर बाकी शराब कब्जे में ले ली। पुलिस प्रवक्ता संजय ने बताया कि एसपी दीप्ति गर्ग के कुशल निर्देशन में अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। संवाद