हरिनगर थाना पुलिस ने हनी ट्रैप में फंसाकर लाखों रुपये की उगाही का प्रयास कर रहे एक आरोपी और युवती को गिरफ्तार किया है। गिरोह में दो युवतियां और तीन पुरुष शामिल हैं। युवती व्हाट्स एप के जरिये लोगों को दोस्ती करने के बाद अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देती थी। आरोपी की पहचान तिलक नगर निवासी परमिंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक गिरोह एक माह में पांच लोगों को फंसाकर लाखों की उगाही कर चुका है। गिरोह बुजुर्ग व पैसे वालों को जाल में फंसाता था। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज ने बताया कि 1 अप्रैल को एक शख्स ने हरिनगर थाना पुलिस को बताया कि उसका दोस्त हनी ट्रैप में फंस गया है। कुछ लोगों ने एक मकान में उसे बंधक बनाकर रखा है और उससे 20 लाख रुपये का इंतजाम करने को कहा है। उसे रुपये लेकर जेल रोड आने को कहा गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि किसी युवती ने उसके दोस्त से व्हाट्स एप पर दोस्ती की और मिलने के लिए बुलाया। पीड़ित अपने दोस्त के साथ युवती से मिलने गया। युवती के साथ एक अन्य युवती आई जो बातचीत करने के बाद मौज मस्ती करने के लिए तिलक नगर चलने को कहा। दोनों उन्हें तिलक नगर स्थित किराये के मकान पर ले गई। युवती उसके दोस्त के साथ कमरे में चली गई जबकि दूसरी युवती दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया।
कुछ देर बाद तीन व्यक्ति और दो महिला कमरे में घुस गई और उनका वीडियो बनाने लगी। पीड़ित को रेप केस में फंसाने की धमकी देकर उससे रुपये की मांग की। ऐसा नहीं करने पर वीडियो को वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने दोस्त को बचाने के लिए आरोपियों को दस हजार रुपये दिए। लेकिन आरोपियों ने उसके दोस्त को बंधक बना लिया और उसे 20 लाख का इंतजाम कर जेल रोड आने को कहा।
शिकायतकर्ता के साथ पहुंची पुलिस टीम ने जेल रोड पर आरोपी तिलक नगर निवासी परमिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी व पीड़ित को उनके चंगुल से छुड़ाने के लिए उक्त मकान पर दबिश दी थी। लेकिन सभी आरोपी पीड़ित को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कई जगहों पर दबिश देकर एक युवती को गिरफ्तार कर लिया।