मोहन गार्डन हत्याकांड में पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
मोहन गार्डन इलाके में सरकारी स्कूल के दृष्टिहीन संगीत शिक्षक और उसकी पत्नी की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने दंपती के साथ घर में डेढ़ साल से रह रहे युवक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर घर से लूटे 1.40 लाख रुपये, खून से सने कपड़े और चाकू बरामद कर लिया है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह दंपती की बेटी से शादी कर संपत्ति पर कब्जा करना चाहता था। दंपती को जब उसके शादीशुदा होने की जानकारी मिली तो उन्होंने बेटी की शादी किसी दूसरे से तय करने की कोशिश में जुट गए। जिससे परेशान होकर उसने दंपति को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
जिला पुलिस उपायुक्त ऐंटो अल्फोंस ने बताया कि शनिवार शाम 7 बजे पुलिस को भगवती गार्डन में दंपती की हत्या किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद घर पहुंची पुलिस ने पाया कि हरि वल्लभ (51) और उनकी पत्नी शांति सिंह (47) की गला रेतकर हत्या की गई थी। जांच में पता चला कि हरि वल्लभ दृष्टिहीन थे और कंझावला स्थित सरकारी स्कूल में संगीत शिक्षक थे। दंपती बेटी दृष्टि (27) और बेटे ऋषभ (22) के साथ रहते थे। उनके साथ ग्वालियर निवासी विशाल नाम का युवक भी एक डेढ़ साल से रहता था। शनिवार को दृष्टि जब घर पहुंची तो कमरे में परिजनों को लहूलुहान हालत में देखकर घटना की जानकारी पुलिस को दी।
छानबीन के दौरान पुलिस ने परिवार के लोगों और घर आने जाने वालों से पूछताछ शुरू की। साथ ही पुलिस ने घर के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे और फोन कॉल डिटेल को खंगाला। तफ्तीश के दौरान पुलिस को परिवार के साथ रह रहे ग्वालियर निवासी विशाल पर शक हुआ। पुलिस ने विशाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो वह इंकार करता रहा लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर अपना अपराध कबूल कर लिया।
उसने बताया कि वह दंपती की बेटी से शादी कर प्रॉपर्टी पर कब्जा करना चाहता था। इसके लिए उसने अपने शादीशुदा होने की बात भी छुपाई थी। लेकिन परिवार वालों को जब उसके शादीशुदा होने की जानकारी मिली तो वह बेटी की शादी कहीं अन्य जगह तय करने लगे। जिससे परेशान होकर उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने विशाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके निशानदेही पर उसके सहयोगी संतोष राय (40) को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से खून से सने कपड़े, चाकू और नकदी बरामद कर लिए।