दोनों को महाराष्ट्र के ठाणे से किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। व्हाट्सएप पर होटल कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) की फर्जी पहचान बनाकर 50 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ यूनिट ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अदालत के आदेश पर ठगी की पूरी रकम शिकायतकर्ता को दिला दी गई है। वहीं, 48 लाख रुपये का संदिग्ध लेनदेन समय रहते रोक दिया गया।
आईएफएसओ के पुलिस उपायुक्त-1 गौरव त्यागी ने बताया कि आरोपियों की पहचान अंकित यादव (25) निवासी जौनपुर और समीर शेख (30) निवासी फतेहपुर, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। दोनों को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया गया है।
असली एमडी का नंबर कराया ब्लॉक
आरोपी ने व्हाट्सएप पर कंपनी के एमडी का नाम और तस्वीर लगाकर शिकायतकर्ता राजीव कुमार से संपर्क किया था। उसने फोन में असली एमडी का नंबर ब्लॉक कर अपना नंबर ‘एमडी सर’ के नाम से सेव करवा दिया और जल्द भुगतान का दबाव बनाया। उसकी बातों पर भरोसा कर कंपनी के वित्त प्रबंधक ने 16 अक्तूबर को न्यू स्टार सोफा मेकर के खाते में 50 लाख रुपये भेज दिए। 21 अक्तूबर को ठग ने 48 लाख रुपये और भेजने को कहा, लेकिन असली एमडी से पुष्टि करने पर यह लेनदेन रुक गया।
जांच में पता चला कि ठगी की रकम रज्जब अली के नाम से खुले खाते में गई थी। अंकित ने कथित संचालकों के कहने पर समीर को खाता खुलवाने के लिए तैयार किया था। समीर ने बैंक से जुड़ा सिम लेकर खाते का संचालन किया और बैंक किट कथित संचालकों को सौंप दी। पुलिस ने दोनों से खाते की चेकबुक और बैंक से जुड़ा सिम बरामद किया है। पुलिस ने 50 लाख रुपये की रकम खाते में रोककर अदालत के आदेश पर पीड़ित को वापस दिलाई। मामले में सगीर, राघवेंद्र शर्मा, रज्जब अली और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।