नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की नारकोटिक्स टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग (सीसीएल) को पकड़ा गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 57.405 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार भी जब्त की गई है। आरोपी बिहार से गांजा लाकर दिल्ली में इसकी सप्लाई करते थे। उत्तर पश्चिम जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नारकोटिक्स टीम इलाके में सक्रिय नशे के कारोबारी पर नजर रखे थे। इसी दौरान सुभाष प्लेस क्षेत्र में दो युवकों के गांजा बेचने की सूचना मिली। सूचना पर निरीक्षक मदन मोहन की देखरेख में पुलिस टीम ने गांव शकूरपुर स्थित चार खंभा चौक के पास घेराबंदी की।
करीब सुबह 3:40 बजे पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान राकेश कुमार (18) निवासी पटना, बिहार और एक नाबालिग के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके बैग से गांजा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर शकूरपुर स्थित उनके किराए के कमरे से भी गांजे से भरे बैग बरामद किए गए। चारों बैगों से कुल 57.405 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जांच में पुलिस ने तस्करी में मदद करने वाले चन्द्रसन (28) निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश को भी गिरफ्तार कर लिया और गांजा लाने में इस्तेमाल की गई कार जब्त कर ली। इस मामले में थाना सुभाष प्लेस में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लायर की तलाश में जुटी है।