नई दिल्ली। रूप नगर थाना पुलिस ने उस गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो ट्रेन से तमिलनाडु से दिल्ली आकर सड़क किनारे खड़ी कारों के शीशे तोड़कर कीमती सामान चोरी करता था और वारदात के बाद फरार हो जाता था। आरोपी गुणासेकर (42) व गोकुल एम (27) के पास से चार लैपटॉप, तीन चार्जर व एक महंगा मोबाइल बरामद हुआ है।
डीसीपी राजा बाठिंया ने बताया कि नौ जुलाई को वकील राजेश कुमार की कार से लैपटॉप चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान हुई। दो अगस्त को कमला नगर में वारदात के दौरान पुलिस ने दोनों को दबोचा लिया। दोनों तमिलनाडु के रहने वाले हैं। पूछताछ में पता चला है कि इनका गैंग लीडर दीपक उर्फ कार्तिक था जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। बताया कि ये चार जगह चोरी में शामिल थे। ब्यूरो