एक केंद्रीय मंत्री का नाम लेकर हरियाणा के बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला से पार्टी फंड के नाम पर तीन करोड़ रुपये मांगने के आरोप में पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने भारतीय जनता पार्टी के लिए चंदा देने की बात कह बिजली मंत्री से तीन करोड़ रुपये की मांग की थी। मंत्री ने अपने स्तर पर छानबीन की तो कॉल फर्जी निकली। मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस से की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले पर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने को तैयार नही है।
निर्दलीय विधायक और हरियाणा सरकार के बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला को 20 दिसंबर को एक कॉल आया। फोन करने वाले ने एक बड़े केंद्रीय मंत्री का नाम लेकर भाजपा फंड के नाम पर तीन करोड़ रुपये देने की बात कहीं।
बदले में कहा गया कि हरियाणा में आपको बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी। कॉल संदिग्ध लगने पर चौटाला ने केंद्रीय मंत्री के ओएसडी से इस संबंध में चर्चा की तो उनका शक यकीन में बदल गया। किसी अनजान शख्स ने उनको फर्जी कॉल कर रुपये लेने का प्रयास किया था।
पैसे भी हवाला के जरिये मांगे गए थे। मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस से की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने फौरन जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सौंप दी।
पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि एक मोबाइल एप के जरिये कॉल की गई थी। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस का इस्तेमाल करते हुए आरोपियों को रुपये देने की बात कह हरियाणा भवन बुलाया। यहां जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। दोनों के नाम जगतार सिंह व उपकार सिंह बताए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों से पूछताछ की जा रही है।