-उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके की वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने निजी कंपनी के कैश कलेक्शन एजेंट से 4.47 लाख रुपये लूटने का प्रयास किया। पीड़ित ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोग उसकी मदद को पहुंचे। भीड़ को आता देखकर बदमाश अपनी बाइक छोड़कर मौके से भाग गए। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान करतार नगर निवासी शिवम (24) और आशुतोष कश्यप (22) के रूप में हुई है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि मंगलवार शाम को 100 फीटा रोड निवासी हिमांशु (20) के साथ लूट का प्रयास हुआ था। हिमांशु ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में कैश कलेक्शन का काम करता है। वारदात के समय वह बैंक में कैश जमा कराने जा रहा था। इस बीच बाइक सवार दो युवकों ने लूटने का प्रयास किया।
बैग छीनने के दौरान हिमांशु ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोग वहां पहुंच गए। दोनों बदमाश मौके पर बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर प्राथमिकी दर्ज कर पड़ताल की। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है।