सेना में तैनात दो लोग पार्टी ड्रग्स मिथाइलीनडाई ऑक्सीमेथाफेटामाइन (एमडीएमए) की तस्करी कर रहे थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दोनों व्यक्तियों जिला जालौर, राजस्थान निवासी जसराज (29) और जिला बाडमेर, राजस्थान निवासी थाना राम (29) को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 3.080 किलोग्राम एमडीएमए बरामद की गई है।
अतंरराष्ट्रीय बाजार में बरामद ड्रग्स की कीमत 15 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोपी जिस कार का मादक पदार्थों की तस्करी के लिए इस्तेमाल करते थे उसका रजिस्ट्रेशन नंबर सेना का लिखते थे। दोनों ने बड़े पैमाने पर अपना नेटवर्क खड़ा कर लिया था।
स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी मणिपुर से कार से ड्रग्स लेकर आते थे। ये लोग तस्करी के लिए अपने सेना के परिचय पत्र व वर्दी का इस्तेमाल करते थे। एसीपी नीरज कुमार ने टीम के साथ 24 अगस्त को धौला कुआं रिज क्षेत्र में घेराबंदी की और यहां सेना रजिस्टे्रन नंबर की कार में इंतजार कर रहे दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर कार में छिपाकर रखे गए 6 पैकेटों में पैक किए गए 3.080 किलोग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। ये कार प्रभु राम के नाम पर पंजीकृत है। इस संबंध में स्पेशल सेल के थाने में मामला दर्ज किया गया है।
राजपूताना राइल्स में तैनाती
स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि थानाराम राजपूताना राइफल में तैनात है। वह वर्ष 2024 के मध्य से सेना से फरार था। ये एक वर्ष से पार्टी ड्रग्स की तस्करी में लगा हुआ है।
15 ग्रेनेडियर में तैनात
जसराज 15वीं ग्रेनेडियर में तैनात है। वह एक महीने की छुट्टी लेकर पार्टी ड्रग्स की सप्लाई करने में लगा हुआ था। वह पहले भी दो से तीन बार मादक पदार्थों की तस्करी कर चुका है। दोनों आरोपी पार्टी ड्रग्स लेने मणिपुर खुद जाते थे।