नोएडा के चार दिन पहले बहलोलपुर गांव में ढाई साल के बच्चे की हत्या के आरोप में एक युवक को थाना सेक्टर-58 पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक बच्चे के परिजनों ने कुछ माह पहले हुई मारपीट की रंजिश को लेकर पड़ोसी युवक पर शक जाहिर किया था।
गौरतलब है कि बहलोलपुर गांव में बाला यादव के मकान में किराए पर दरभंगा, बिहार निवासी दशरथ झा अपने परिवार के साथ रहते हैं। बृहस्पतिवार सुबह उनके ढाई साल के बेटे शिवशंकर का शव कमरे के बाहर पड़ा मिला था, बच्चा एक रात पहले से लापता था।
पहले दशरथ ने अपने रिश्तेदारों पर हत्या का शक जताया था। इस पर थाना सेक्टर-58 पुलिस ने रिश्तेदारों से पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद दशरथ ने पड़ोस में रहने वाले गांव मरूआ, सलामपुर जिला हमीरपुर निवासी मिंकू तिवारी पर शक जाहिर किया। उसे पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में लिया।
शुरूआत में उसने बताया कि घटना के समय वह ड्यूटी पर था जबकि जांच में पता चला कि वह घटना वाली रात 8 बजे घर लौट आया था। इसके बाद उसने अपने कई बयान बदले। पुलिस ने दावा किया है कि कड़ी पूछताछ के बाद उसने हत्या का जुर्म कबूल किया।