- एक पीओएस मशीन, 12 मोबाइल, 85 सिमकार्ड समेत अन्य सामान बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। थर्ड पार्टी मोबाइल एप्लीकेशन 'पिन' के जरिये निवेश कराकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को उत्तर-पूर्वी जिला के साइबर थाना पुलिस ने दबोचा है। उनकी पहचान गांव भटकोल, मऊ, यूपी निवासी राज चौहान (21) और फतेहपुर, आजमगढ़, यूपी निवासी संतोष कुमार (35) के रूप में हुई है। आरोपियों से एक पीओएस मशीन, 12 मोबाइल फोन, दो फिंगरप्रिंट स्कैनर, 85 सिमकार्ड, 69 एटीएम कार्ड, 15 स्टैंप व अन्य सामान बरामद हुए हैं। छानबीन के दौरान पता चला कि आरोपियों के खातों में करोड़ों रुपये की लेनदेन हुई है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि मेट्रो विहार, शास्त्री पार्क निवासी मनोज कुमार ने निवेश के नाम पर 21 लाख की ठगी की शिकायत साइबर थाने को दी थी। उसने बताया कि इंस्टा के जरिये निवेश करने पर मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया गया। इसके बाद थर्ड पार्टी एप्लीकेशन पिन के जरिये निवेश कराया गया। पीड़ित ने जब रकम निकालने का प्रयास किया तो उसे ठगी का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। जांच के दौरान जिन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी, उनकी पड़ताल की गई। इसके आधार पर गोरेगांव, मुंबई से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने फैंटास्टिक एंटरटेनमेंट नाम से एक कंपनी बनाई हुई थी। यहां वह बेरोजगारों को नौकरी दिलवाने के नाम पर उनके कागजात ले लेते थे। बाद में उनके आधार कार्ड पर चालू खाता खोलकर साइबर ठगों को बेचते थे। इनके पास से बरामद खातों में करोड़ों की लेनदेन का पता चला है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।