अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस ने दो आरोपियों जितेंद्र व संदीप को गिरफ्तार किया है। इन पर एक 21 वर्षीय टूर एंड ट्रैवल ऑपरेटर से नकली मुद्रा के बंडल देकर 1 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी के अनुसार आरोपियों ने मुद्रा विनिमय योजना के बहाने पीड़ित को फंसाया था। बुराड़ी निवासी एक पीड़ित ने बताया कि उससे सोशल मीडिया के माध्यम से एक आरोपी ने संपर्क किया और उसे 3 लाख रुपये की अमान्य (रद्द) मुद्रा के बदले 50,000 देने का प्रस्ताव दिया। पुलिस बयान के अनुसार, आरोपियों की पहचान राजस्थान के कोटपूतली निवासी 25 वर्षीय जितेंद्र और हरियाणा के भिवानी निवासी 25 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है। पीड़ित ने 4 मई को महिपालपुर के पास पहले चरण में 50,000 दिए थे। बाद में आरोपियों ने जितेंद्र की मां की चिकित्सा आपात स्थिति का हवाला देते हुए और 50,000 की मांग की। अंतिम लेन-देन नरेला के सिंघु बॉर्डर के पास हुआ, जहां पीड़ित को एक सीलबंद पैकेट दिया गया, जिसमें कथित रूप से नकली नोट थे। इन पर ‘चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया’ और ‘भारतीय मनोरंजन बैंक’ लिखा हुआ था। पुलिस ने मामला दर्जकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।