स्वच्छ भारत मिशन को बढ़ावा देने के लिए और शहरवासियों से सीधा संवाद बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन ने ट्वीटर पर अकाउंट बनाया हुआ है। लेकिन यदि कोई शहरवासी उस पर निगम की लापरवाही को उजागर करता है तो निगम प्रशासन उसके अकाउंट को ब्लॉक कर देता है।
नगर निगम प्रशासन की इस मनमानी के विरोध में शहर के कई समाजसेवी व आरटीआई एक्टिविस्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
बता दें कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत नगर निगम पूरे शहर में साफ सफाई की व्यवस्था को मजबूत करने का दावा कर रहा है। यही नहीं लोगों को जोड़ने के लिए नगर निगम सोशल मीडिया का सहारा ले रहा है।
इसके लिए निगम ने ट्वीटर पर स्वच्छ फरीदाबाद नाम से अकाउंट बनाया है। यदि लोगों को कहीं पर भी गंदगी दिखाई देगी तो वह इस पर ट्वीट कर निगम को अवगत करा सकते हैं। लेकिन जब कोई निगम की असलियत बताता है तो उसे ब्लॉक कर दिया जाता है।
शिकायतकर्ता व आरटीआई एक्टिविस्ट वरूण श्योकंद ने बताया कि पिछले दिनों उन्होंने ग्रेटर फरीदाबाद में सोसाइटियों द्वारा खुले में सीवर का पानी डाले जाने की सूचना और फोटो स्वच्छ फरीदाबाद के ट्वीटर पर ट्वीट की थी और निवेदन किया था कि इसका समाधान निकाला जाए।
हैरानी की बात ये है कि इस समस्या का समाधान करने की बजाय उन्हें निगम द्वारा ब्लॉक कर दिया गया। इसी तरह से आरटीआई एक्टिविस्ट विष्णु गोयल, अजय बहल, मुनीश आदि को भी ब्लॉक कर दिया गया है।
श्योकंद ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि शहर में सफाई के नाम पर सिर्फ दिखावा किया जा रहा है। उधर स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी अनिल मेहता का कहना है कि अगर लोगों के अकाउंट ब्लॉक किए जा रहे हैं तो इसकी जांच कराई जाएगी कि ऐसी हरकत कौन कर रहा है।