मयूर विहार इलाके में मंगलवार दिन-दहाड़े बाइक सवार छह बदमाशों ने खोड़ा कालोनी के मदर डेयरी, दूध के कारोबारी से 20 लाख रुपये लूट लिये। बैंक में तीन दिन की छुट्टी होने के कारण कारोबारी के पास 20 लाख रुपये इकठ्ठा हो गया था।
पीड़ित सोनू कुमार (26) अपने कजिन रंजीत कुमार (32) के साथ रुपये लेकर बैंक जा रहा था। इस बीच बदमाशों ने दोनों की बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। बाद में बदमाशों ने चाकू और पिस्टल दिखाकर दो बैगों में भरा कैश लूट लिया।
खबर मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। छानबीन के बाद न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित सोनू कुमार परिवार के साथ खोड़ा कालोनी, गाजियाबाद में रहता है। इसके परिवार में चार भाई व अन्य सदस्य हैं। सोनू ने मदर डेयरी दूध की एजेंसी ली हुई है। इलाके के सभी छोटे कारोबारियों को उसके यहां से ही दूध सप्लाई होता है।