दिल्ली के शालीमार बाग स्थित फोर्टिस अस्पताल के डॉक्टरों ने अफ्रीका से आए एक मरीज के पेट से करीब 24 किलोग्राम वजन का ट्यूमर निकाला। डॉक्टरों के अनुसार ट्यूमर की वजह से कई अंग दबे थे, जिसके चलते मरीज की आंतरिक प्रणाली पर काफी दवाब था। 32 वर्षीय मरीज एलॉयस जॉन जावे के पेट में ट्यूमर लंबे समय से था।
डॉक्टरों के अनुसार मरीज की तंजानिया में भी एक सर्जरी हो चुकी है। लेकिन आराम न मिलने के कारण मरीज दिल्ली आए, यहां तमाम चिकित्सीय जांच के बाद डॉक्टरों ने बड़े ट्यूमर के पेट में होने की पुष्टि करते हुए तत्काल ऑपरेशन की सलाह दी।
अस्पताल के वरिष्ठ डॉ. प्रदीप जैन ने बताया कि ट्यूमर मरीज के पेट की भीतरी दीवार, मूत्राषय और छोटी आंतों के साथ काफी चिपका हुआ था। साथ ही बड़ी रक्तवाहिकाएं इसे आसपास से घेरे हुई थीं। इसे निकालने के लिए जान-बूझकर धीमे-धीमे सर्जरी की गई।
इसे छोटी आंत और मूत्राषय के एक हिस्से के साथ निकाला गया। इस पूरी प्रक्रिया में करीब छह घंटे लगे। ऑपरेशन के करीब दो सप्ताह बाद डॉक्टरों ने उन्हें स्वस्थ्य घोषित किया। डॉक्टरों का कहना है कि अब उन्हें टारगेटेड ओरल कीमोथेरेपी दी जाएगी ताकि वह पूरी तरह से स्वस्थ्य हो सकें।