Vijender Gupta And Arvind kejriwal
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता के बीच बुधवार को ट्वीटर पर भिडंत हो गई। दिलचस्प यह कि अग्रवाल समाज से जुड़े मसले पर टक्कर करने वाले दोनों नेता इसी समाज से आते हैं। नेता प्रतिपक्ष के एक ट्वीट पर मुख्यमंत्री ने अग्रवाल समाज को गंदी राजनीति में न घसीटने की नसीहत दी। वहीं, विजेंद्र गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल को महाराजा अग्रसेन की विरासत को इस्तेमाल न करने की बात कही।
दरअसल, विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को बयान दिया था कि अरविंद केजरीवाल की ओछी हरकतों से और झूठ फरेब की राजनीति से पता चलता है कि वह किस खानदान से आते हैं। इस पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि विजेंद्र गुप्ता की लड़ाई उनसे है। जो कहना हो, उन्हें कहें, उनके खानदान को गाली मत दें। केजरीवाल ने आगे लिखा कि वह अग्रवाल खानदान से हैं और उन्हें इस बात का गर्व है। अग्रवाल समाज ने देश की तरक्की में अहम भूमिका अदा की है। अपनी गंदी राजनीति में अग्रवाल समाज को मत घसीटें।
अब बारी विजेंद्र गुप्ता की थी। गुप्ता ने लिखा कि वह भी अग्रवाल समाज से आते हैं। हमारे पूर्वज महाराजा अग्रसेन युग पुरुष, राम राज्य के समर्थक, महादानी व समाजवाद के प्रथम प्रणेता थे। लेकिन केजरीवाल की हरकतों ने हम अग्रवाल बंधुओं को शर्मसार किया है। गुप्ता ने आगे लिखा कि केजरीवाल अपनी गंदी राजनीति के लिए महाराजा अग्रसेन की विरासत का इस्तेमाल नहीं करें। हालांकि, इसके बाद केजरीवाल ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
मनीष सिसोदिया व हरीश खुराना में भी तकरार
ट्वीटर पर बुधवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया व भाजपा प्रवक्ता हरीश खुराना के बीच भी तकरार दिखी। खुराना ने सिसोदिया के पूर्ण राज्य से जुड़े एक ट्वीट को रि-ट्वीट करते हुए लिखा कि दिल्ली की भाजपा सरकार ने जब इंद्रप्रस्थ युनिवर्सिटी खोली थी तो केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी।
मेट्रो की जब नींव पड़ी, तब भी केंद्र में कांग्रेस ही थी। इस पर सिसोदिया ने सीधा सवाल किया कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा चाहिए या नहीं। इसके बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को घेरते हुऐ एक के बाद एक कई ट्वीट किए। खुराना लोगों के बीच बहस करने की चुनौती देते रहे, जबकि सिसोदिया पहले सवाल का जवाब मांगते दिखे।