वायु प्रदूषण के प्रभावों को कम करने और बरसाती रोगों से छुटकारा दिलाने के लिए प्रत्येक इच्छुक परिवार को तुलसी की एक पौध और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक ‘तिरंगा’ वितरण योजना का शुभारंभ शालीमार बाग स्थित चिल्ड्रन पार्क से किया गया।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू की ओर से इस योजना की शुरुआत की गई। इस मौके पर पर्यावरण प्रेमियों सहित आरडब्ल्यूए सदस्य भी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण का खतरा मंडरा रहा है। इसे अगर समय रहते नियंत्रित नहीं किया गया तो मानवता के अस्तित्व पर कई तरह के सवाल उठने लगेंगे। इसे दूर करने के लिए पर्यावरण की शुद्धता के लिए प्रयास और तेज करने होंगे।
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के नेता सदन एवं वार्ड-63 पार्षद तिलक राज कटारिया ने कहा कि अभियान के तहत 10 हजार तुलसी के पौधे और झंडे वितरित किए जाएंगे। बरसात का मौसम तुलसी पौधरोपण के लिए उत्तम समय है।