दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस अधिक 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम 16 डिग्री सेल्सियस रहा। पीतमपुरा इलाका 38.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। जबकि रिज इलाके में तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मार्च में 14 तारीख के बाद 24 मार्च को तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विभाग के अनुसार बारिश नहीं होने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अप्रैल में तापमान और अधिक होने की संभावना है।
दूसरे दिन भी हवा खराब श्रेणी में बरकरार
राजधानी में दिशा बदलने से हवा लगातार दूसरे दिन खराब श्रेणी में रही। मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 234 दर्ज किया गया। यह हवा की खराब श्रेणी है। इसमें सोमवार की तुलना में 28 सूचकांक की वृद्धि दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि बुधवार को भी एक्यूआई खराब श्रेणी में ही रहेगा। वहीं, बृहस्पतिवार-शुक्रवार तक एक्यूआई मध्यम श्रेणी में पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, मंगलवार को हवा दक्षिण-पश्चिम दिशा से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चली।
बुधवार को हवा दक्षिण-पश्चिम दिशा से 4 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे, बृहस्पतिवार को पश्चिम दिशा से 12 से 14 किलोमीटर प्रति घंटे, शुक्रवार को उत्तर-पश्चिम दिशा से 12 से 14 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती है। सीपीसीबी के अनुसार एनसीआर में गाजियाबाद की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 289 दर्ज किया गया, जो हवा की खराब श्रेणी है। वहीं, फरीदाबाद में सबसे कम 77 एक्यूआई दर्ज हुआ, जो संतोषजनक श्रेणी में है। ग्रेटर नोएडा में 214, गुरुग्राम में 206 और नोएडा में 169 एक्यूआई दर्ज किया गया।