स्वरूप नगर और मादीपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने छह लोगों को रौंद दिया। हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है, दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने एक आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश की रही है।
मूल रूप से भोदी गांव, गोरखपुर निवासी दिनेश (45) सिंधी कॉलोनी, स्वरूप नगर में रहता था। वह संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक हार्डवेयर की दुकान में काम करता था। इसके साथ ही शाहपुर गांव निवासी साधु यादव (35) भी दुकान में काम करता था।
शनिवार रात करीब 10:30 बजे दोनों घर लौट रहे थे। इस दौरान जीटी करनाल रोड के गंदा नाला के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दिनेश और साधु को पास के अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। स्वरूप नगर थाना पुलिस अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।