पीतमपुरा से रोहिणी जाने वाले एलिवेटेड रोड पर शनिवार दोपहर एक बेकाबू ट्रक ने स्कूटी, कार, मिनी टैंपो और बस में टक्कर मार दी। हादसे किसी जान नहीं गई लेकिन 8 लोग घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद कन्नौज निवासी आरोपी ट्रक चालक पुष्पेंद्र भाग गया। पुलिस कन्नौज निवासी हेल्पर विनय से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ट्रक का ब्रेक ठीक था। आशंका है कि कार में टक्कर लगने पुष्पेंद्र डर गया और वह ट्रक को भागने की कोशिश करने लगा। इस दौरान इस दौरान वाहनों को टक्कर मारता चला गया।
जिला पुलिस उपायुक्त असलम खान ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे सूचना मिलते ही पुलिस, पीसीआर कर्मी, कैट्स एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों की पहचान जहांगीरपुरी निवासी शिवशंकर (31), उत्तम नगर निवासी अनीश (30) उसका छोटा भाई अंशुल (26), नांगलोई निवासी अरुण कुमार (42), मोती नगर निवासी अंकित कुमार (26), स्वरूप नगर निवासी मनीष कुमार (36), नांगलोई निवासी कमलेश (49) और पुनीत जैन (26) के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में हरियाणा रोडवेज की बस समेत 7-8 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। ट्रक और बस के बीच में फंसकर एक कार के परखच्चे उड़ गए हैं। विनय ने बताया कि मुंडका से लोहे का चादर ट्रक पर लादने के बाद कानपुर जा रहे थे।