त्रिलोकपुरी में कई दिनों चले बवाल के बाद अब जिंदगी पटरी पर लौट आई है। स्थानीय लोग भी अपने जख्मों को भुलाकर सांप्रदायिक सौहार्द कायम करने में लगे हैं।
मंगलवार को हिन्दू वॉलंटियर्स मोहर्रम के जुलूस में हिस्सा लेकर इसकी मिसाल कायम करेंगे। दोनों समुदाय के लोग गर्मजोशी के साथ मोहर्रम की तैयारी में जुटे हैं। पुलिस ने भी इस त्योहार के दौरान किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए पूरी तैयारी की हुई है।
मोहर्रम के दिन पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती का फैसला लिया है। रविवार को पूरे दिन कर्फ्यू में ढील रही, एहतियात के तौर पर रात के समय कर्फ्यू लगा दिया गया।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मोहर्रम के दौरान ताजिये और जुलूस निकालने के दौरान पटेबाजी (जुलूस के दौरान डंडों से खेल दिखाना) न करने के लिए लोगों को राजी कर लिया गया है।