त्रिलोकपुरी में शांति रही तो मोहर्रम के बाद कर्फ्यू हटा लिया जाएगा। शनिवार को कर्फ्यू में 14 घंटे की ढील दी गई। इस दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली।
सुरक्षा बलों की मौजूदगी में लोग घरों से बाहर निकले और जरूरत का सामान खरीदा। हालांकि, डीटीसी बसें अंदर नहीं आईं। वहीं, स्कूल तो खुले, लेकिन अभिभावकों ने बच्चों को नहीं भेजा। पुलिस ने इलाके के लोगों के साथ बैठक भी की।
एक डीटीसी चालक ने बताया कि उन्हें अपनी जिम्मेदारी पर त्रिलोकपुरी में बस ले जाने के लिए कहा गया था। इससे वे बसों को अंदर नहीं ले गए। बसों को 13 ब्लॉक से यू-टर्न लिया गया। बसें न चलने से लोगों को दूसरे वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
उधर, पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर रात को 20 ब्लॉक स्थित माता की चौकी का सफल आयोजन किया गया। इसमें इलाके के मुस्लिमों ने भी हिस्सा लिया। इलाके में पूरी तरह शांति है। एहतियात के तौर पर कर्फ्यू लगाया गया है। मोहर्रम पर इसी तरह शांति रही तो कर्फ्यू को हटा लिया जाएगा।