फरीदाबाद वन विभाग की ओर से शहर में हर वर्ष लगाए जाने वाले पौधों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त ट्री गार्ड नहीं मिलने से उनका बचाव काफी मुश्किल हो रहा है।
विभाग को इस वर्ष भी 50 हजार पौधों के लिए मात्र पांच हजार ट्री गार्ड ही मिले हैं। जिससे पौधों की सुरक्षा करना विभाग के लिए टेढ़ी खीर बन गया है।
छायादार और पर्यावरण शुद्ध करने के लिए लगाए जाने वाले पौधे सही से लग भी नहीं पाते कि कुछ को जानवर तो कुछ वाहनों से दबकर खत्म हो जाते हैं।
सूत्रों की माने तो 50 हजार पौधों के लिए मात्र पांच हजार ट्री गार्ड मिले हैं। ऐसे में कैसे सुरक्षा करें। कई बार विभाग से भी ट्री गार्ड बढ़ाने की मांग की गई मगर हालात नहीं सुधरे। इससे पौधे बढ़ ही नहीं पाते। इस बाबत जिला वन अधिकारी से संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की।