शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज।
- फोटो : अमर उजाला
शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कालेज नल्हड़ में मंगलवार की सुबह एक मरीज दूसरी मंजिल से कूद गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। बता दें कि इससे पहले भी यहां से पिछले 6 माह में 2 लोगों ने गिरकर अपनी जान गंवाई है। ये तीसरा मामला है।
फिलहाल ताजा मामला पलवल जिले के घर्रोट निवासी ओमबीर का है। 35 वर्षीय ओमबीर का करीब एक साल से यहां पर इलाज चल रहा था। उसे पीलिया, मलेरिया, टाइफाइड जैसी कई बीमारियां लगी हुई थी। जानकारी के अनुसार ओमबीर आईसीयू में भर्ती था। मृतक ओमबीर की मां भी उसके साथ यहीं रह रही थी।
घटना के वक्त ओमबीर की मां मेडिकल कालेज के बाहर लगी दुकानों से चाय लेने के लिए गई थी। वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कूदने से पहले वह दूसरी मंजिल की पर लटक गया था, जिससे नीचे मौजूद लोगों ने शोर भी मचाया था।
हालांकि परिजनों ने किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं की है और पुलिस ने जरूरी कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को शव सौंप दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि मेडिकल कालेज में पिछले 6 माह में गिरकर मरने का यह तीसरा मामला हैं। इसके कारण कहीं न कहीं मेडिकल कालेज की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगता है।