नौकरीपेशा सैकड़ों की संख्या में लोग मेरठ, मोदीनगर से रोजाना दिल्ली और नोएडा तक का सफर तय करते हैं। ऐसे में लोगों को मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर बड़ी राहत देगा। लोग मेरठ तिराहे से उतरकर शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन से नोएडा और दिल्ली का सफर तय कर सकेंगे। गाजियाबाद पुराने शहर के साथ राजनगर एक्सटेंशन की 35 से अधिक सोसाइटी में रहने वाले करीब 45 हजार लोगों को बड़ा लाभ होगा। राजनगर एक्सटेंशन के लोगों के लिए हिंडन रिवर बैंक स्टेशन करीब पड़ेगा। दूसरी ओर नोएडा एक्सटेंशन के लोगों को कश्मीरी गेट, रोहिणी, रिठाला जाने के लिए मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर सबसे अच्छा विकल्प साबित होगा
केवल तीन मेट्रो स्टेशनों पर है पार्किंग
मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर में पार्किंग की समस्या लोगों को रुलाएगी। कॉरिडोर पर डीएमआरसी ने केवल तीन स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा दी है। इनमें सबसे बड़ी करीब 70 से 75 वाहनों की पार्किंग हिंडन रिवर बैंक मेट्रो स्टेशन, शहीदनगर पर करीब 50 और शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन पर 45 से 50 वाहनों की पार्किंग है। पांच स्टेशनों पर कोई पार्किंग की सुविधा न होना लोगों की परेशानी का सबब बनेगा।
मेट्रो का किराया एक नजर में
रेड लाइन पर बने मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर में शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन से दिलशाद गार्डन तक न्यूनतम 10 रुपये और अधिकतम किराया 30 रुपये है। दूसरी ओर रेड लाइन पर 34.72 लंबे नया बस अड्डा से रिठाला तक के कॉरिडोर से अधिकतम किराया 60 रुपये हैं। स्टेशन स्तर तक किराया की बात करें तो शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन से हिंडन रिवर बैंक तक 10 रुपये, फिर अर्थला से श्यामपार्क तक 20 रुपये और फिर राजेंद्रनगर से दिल्ली के मानसरोवर पार्क तक 30 रुपये और फिर शाहदरा से कश्मीरी गेट तक 40 रुपये, तीस हजारी से रिठाला तक 60 रुपये किराया है।
रेड लाइन पर केवल शनिवार को सुबह 8 बजे शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन से पहली मेट्रो ट्रेन रवाना होगी। इस ट्रेन के लिए टिकट की बिक्री 5 मिनट पहले से शुरू होगी। इसके बाद प्रतिदिन शहीद स्थल से शुरू होने वाली पहली मेट्रो ट्रेन सुबह 5:28 बजे पर रिठाला के लिए रवाना होगी। जबकि स्टेशन पर टोकन की बिक्री सुबह 5:23 बजे से शुरू की जाएगी। वहीं, नया बस अड्डा से रात को आखिरी ट्रेन 11:30 बजे मिलेगी।
मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर एक नजर में
- मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर का जुलाई 2014 में शुरू हुआ था कार्य
- दिलशाद गार्डन से शहीद स्थल कॉरिडोर में है कुल आठ स्टेशन
- संशोधित डीपीआर स्वीकृत होने के बाद कुल बजट 1781.21 करोड़
- मेट्रो रेड लाइन पर बने इस सेक्शन की 9.63 किमी है लंबाई
- कॉरिडोर के सभी आठ स्टेशन पर 265-265 केवी का लगा है सौर ऊर्जा प्लांट
- कॉरिडोर पर छह डिब्बों की 35 ट्रेनें होंगी सेवा में
- आठ में से छह स्टेशनों पर मिलेगी फुटओवर ब्रिज की सुविधा