महिलाओं के बाद दिल्ली सरकार बुजुर्गों और विद्यार्थियों को भी बसों में मुफ्त सफर करा सकती है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि महिलाओं के मुफ्त सफर की योजना से मिले अनुभव के आधार पर बुजुर्गों व विद्यार्थियों को भी इसके दायरे में लाया जाएगा।
केजरीवाल ने विपक्षी दलों को सलाह दी कि जनहित के कामों में राजनीति नहीं करनी चाहिए। केजरीवाल के मुताबिक, तत्कालीन प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी ने कहा था कि लोगों के कल्याण पर खर्च किए जाने वाले 100 रुपये में से 85 रुपये भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते हैं। सिर्फ 15 रुपये ही लोगों तक पहुंचते हैं। अब दिल्ली सरकार 85 रुपये बचा रही है।
इनमें से 75 रुपये स्कूल, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, नाली आदि पर खर्च हो रहे हैं। बचे 10 रुपये लोगों को मुफ्त सुविधाएं देने पर खर्च हो रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि ऐसा वह इसलिए कर पा रहे हैं, क्योंकि वह पढ़े-लिखे हैं। उन्हें सरकारी व्यवस्था का सारा हिसाब-किताब पता है।