नोएडा प्राधिकरण के करोड़पति चौकीदार नितिन राठी पर शिकंजा कसना तय माना जा रहा है। उसके जाल में फंसे लोग अब सामने आने लगे हैं। मंगलवार से लिखित बयान दर्ज कराने का सिलसिला शुरू हो गया। पहले दिन चार लोगों ने सुबूतों के साथ प्राधिकरण कार्यालय में बयान दर्ज कराए।
चारों मामलों में 2.70 लाख रुपये चेक व ड्रॉफ्ट से और करीब 6 लाख रुपये बतौर लाइजनिंग के रूप में देने की बात सामने आ रही है। प्लॉट और फ्लैट दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले नितिन राठी के कारनामों का खुलासा होने के बाद 14 लोगों ने प्राधिकरण अफसरों से शिकायत की थी।
चौकीदार पर नियमानुसार कार्रवाई के लिए प्राधिकरण की तरफ से जांच कराई जा रही है। धोखाधड़ी के शिकार हुए लोगों को 27 से 30 जनवरी तक प्रमाण सहित शपथपत्र या लिखित रूप में बयान दर्ज कराने हैं। मंगलवार को चार शिकायतकर्ता प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे और बयान दर्ज कराए।
मामले की जांच कर रहे एनजी जयसवाल ने बताया कि चार में से तीन लोग पहले भी लिखित शिकायत दे चुके हैं। शिकायतकर्ता ने प्राधिकरण को बताया है कि नितिन राठी ने सेक्टर-122 में ईडब्ल्यूएस फ्लैट के आवंटन के नाम पर 70 हजार रुपये का ड्राफ्ट लिया था, जबकि 1.80 लाख रुपये बतौर लाइजनिंग के रूप में लिए थे। शिकायतकर्ताओं के सामने आने के बाद नितिन राठी की बर्खास्तगी तय मानी जा रही है।