परिवहन मंत्री गोपाल राय ने रात को सड़क पर वाहनों की जांच कर रहे प्रवर्तन शाखा टीम पर छापा मारा। परिवहन मंत्री ने भ्रष्टाचार में शामिल विभाग की प्रवर्तन शाखा की टीम में शामिल दो एएसआई व चालक समेत छह कर्मियों को निलंबित करके विभागीय कार्रवाई करने निर्देश जारी कर दिए हैं। इससे पहले परिवहन मंत्री ने डिपो में छापा मारकर बिना सूचना छुट्टी करने वाले 20 चालकों को निलंबित करने के आदेश दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार छापेमारी में परिवहन मंत्री की टीम में शामिल स्टाफ सदस्य ने टीम के ड्राइवर को आजादपुर फ्लाईओवर के पास ट्रक चालक से पैसे लेकर आते हुए पकड़ा लेकिन चालक ने सड़क पर पैसे फेंक दिए। हालांकि मंत्री टीम के सदस्यों ने सड़क पर गिराई गई राशि सबूत के तौर पर भी रखी।
शिकायतकर्ता नहीं होने व चालक के स्वीकार नहीं किए जाने पर कोई एफआईआर तो दर्ज नहीं कराई गई। मामला 30 अप्रैल की आधी रात का है। मंगलवार को परिवहन मंत्री ने पड़ताल के बाद टीम को दोषी पाया और विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आगे की जांच भी होगी। मंत्री ने यह भी कहा है कि भ्रष्टाचार और गलत नीति अपनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। जनता से अपील की है कि भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ हेल्पलाइन नंबर 1031 पर शिकायत करें। अधिकारियों से कहा है कि फील्ड इंस्पेक्शन करें।
दिल्ली सरकार के अनुसार निलंबित कर्मियों में पांच एनफोर्समेंट ब्रांच के हैंजबकि एक डीटीसी चालक हैं जिसकी तैनात टीम के साथ थी। निलंबित टीम में एएसआई विजय कुमार, एएसआई बाबूराम, हवलदार प्रमोद कुमार, जयवीर और जितेन्द्र कुमार के अलावा डीटीसी चालक प्रवीन शामिल हैं।