पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग के ट्यूबवेल को बिजली आपूर्ति करने वाला पोल अचानक गिरा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। क्षेत्र के गांव रावली (कुबडबास) में बिजली पोल सहित ट्रांसफार्मर गिरने से पेयजल संकट गहरा गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग के ट्यूबवेल को बिजली आपूर्ति करने वाला पोल अचानक गिर गया, जिसके चलते ट्यूबवेल की बिजली सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई। परिणामस्वरूप गांव में पानी की आपूर्ति ठप हो गई है और लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।गर्मी के मौसम में पानी की कमी ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले ही पानी की सीमित व्यवस्था थी, लेकिन अब ट्यूबवेल बंद होने से हालात और खराब हो गए हैं। इस संबंध में सब डिविजनल इंजीनियर ने 24 अप्रैल को दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के उपमंडल अधिकारी को पत्र लिखकर समस्या के जल्द समाधान की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से आमजन को पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण सद्दाम हुसैन, समाजसेवी ममरेज, शहीद, ईसब और नसरुद्दीन सहित कई लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समस्या का समाधान शीघ्र नहीं हुआ तो उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाना पड़ेगा, जिससे उनकी दैनिक दिनचर्या प्रभावित होगी। इस मामले में बिजली विभाग के एसडीओ घनश्याम दास ने बताया कि मंगलवार तक नया पोल आने की उम्मीद है। पोल उपलब्ध होते ही विभाग द्वारा मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।