नई दिल्ली। अटल बिहारी वाजपेयी आयुर्विज्ञान संस्थान और डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में सर्जरी से संक्रमण के बचाव को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों को पाठ पढ़ाया गया। इसके लिए अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से नर्सिंग कर्मियों, सर्जन और ओटी टेक्नीशियन के लिए बुधवार को शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित हुआ।
अस्पताल के माइक्रोबायोलॉजी विभाग की प्रमुख डॉ. निर्मलजीत कौर ने कहा कि वैश्विक तौर पर सर्जरी से संक्रमण फैलने की दर 12-15 फीसदी है। उससे मरीज को कैसे सुरक्षित रखा जाएं उसको लेकर कार्यक्रम में चर्चा की गई। विभाग की डॉ. शालिनी मल्होत्रा ने कहा कि किसी भी मरीज को सर्जरी होने के एक महीने तक संक्रमण होने की संभावना रहती है। ऐसे में सर्जरी से पहले और बाद में किन-किन सावधानियों की जरूरत होती है उसको लेकर स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षित किया। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. अशोक कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विवेक दीवान, डीन प्रो. आरती मारिया सहित कई दूसरे चिकित्सक भी मौजूद रहे। ब्यूरो