विमानों पर दिखा असर
उत्तर भारत में घने कोहरे ने इनदिनों विमान और ट्रेनों की समय सारणी बिगाड़ दी है। ट्रेन लगातार अपने गंतव्य तक लेट पहुंच रही है तो विमान अपने उड़ान समय से देरी से संचालित हो रहे है। बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले 86 विमान देरी से संचालित हुए।
इसी तरह अन्य राज्यों से आने वाले 70 विमान प्रभावित हुए। सुबह के वक्त तो काफी मशक्कत से विमानों की आवाजाही कराई गई। अंतरराष्ट्रीय विमानों की बात करें तो 56 से अधिक लेटलतीफी का शिकार हुए। दृश्यता घटते ही देर रात से लो विजिबिलिटी प्रोसीजर लागू कर कृत्रिम लाइट के माध्यम से कैट थ्री श्रेणी वाले पॉयलटों के विमान को ही रनवे पर उतरने की अनुमति मिली। इस दौरान 21 से अधिक विमानों को निरस्त किया गया।
देर से पहुंच रहीं ट्रेनें
आम लोगों की रेलगाड़ी का भी बुरा हाल रहा। विभिन्न दिशाओं से दिल्ली आने वाली ट्रेन घंटों देरी से पहुंची। सुबह के वक्त तो आउटर स्टेशन पर ट्रेनें कतार में लग गई थी। प्रयागराज-नई दिल्ली, देहरादून-दिल्ली, जम्मूतवी-अजमेर, जबलपुर-निजामुद्दीन, मुरादाबाद-दिल्ली, भुवनेश्वर-नई दिल्ली, कानपुर-नई दिल्ली, रीवा एक्सप्रेस, पटना-नई दिल्ली, सत्याग्रह, वैशाली, सप्तक्रांति, बिहार संपर्क क्रांति, अजमेर-श्रीमाता वैष्णव देवी, हावड़ा-कालका समेत 125 से अधिक लंबी दूरी की ट्रेन 2-10 घंटे की देरी से अपने-अपने गंतव्य तक पहुंची। इस वजह से यात्रियों को परेशान होना पड़ा।