कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के चल रहे विरोध प्रदर्शन के कारण बीते 10 दिनों से दिल्ली का यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। कई बॉर्डर बंद होने के कारण लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। रविवार को भी किसानों का प्रदर्शन जारी है, जिसके कारण आज भी यातायात पर इसका असर पड़ रहा है। ऐसे में अगर आप भी घर से बाहर निकल रहे हैं तो पहले पूरी खबर पढ़ लें।
ये बॉर्डर हैं बंद
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जानकारी दी है कि सिंघु, औचंदी, पियाओ मनियारी और मंगेश बॉर्डर पूरी तरह से बंद हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 भी दोनों ओर से बंद है। इसलिए लोगों को लामपुर, साफियाबाद, साबोली, एनएच 8, भोपरा, अप्सरा बॉर्डर या पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के रास्तों का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
इन रास्तों का न करें प्रयोग
पुलिस ने जानकारी दी कि मुकरबा और जीकेटी रोड से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। इसके साथ ही आउटर रिंग रोड, जीकेटी रोड और एनएच 44 का इस्तेमाल न करने की भी सलाह दी गई है।